*कांग्रेस वैमनस्यता, भ्रम और भय फैलाने की राजनीति करती हैः नरोत्तम मिश्रा

*
प्रदेश के गृह मंत्री ने रैगांव विधानसभा के करही और रानेही में ली जनसभा सतना। कांग्रेस देश में सिर्फ वैमनस्यता फैलाने का काम करती है। भ्रम फैलाने का काम करती हैं और इनका नेतृत्व ही भ्रमित है। कांग्रेस धर्म और भय की राजनीति करती है। जब सीएए आया तो कांग्रेसी बोले नागरिकता खत्म हो जाएगी। किसान बिल आया तो बोले जमीनें छिन जाएंगी। कोरोना की वेक्सीन बनाई, तो बोले बांझपन आ जाएगा। उज्जैन में सांप्रदायिक तनाव फैलाने जब लोगों ने पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा लगाया, तो दिग्विजय बोले वो काजी साहब जिंदाबाद का नारा लगा रहे हैं। ऐसा नेतृत्व आपने नहीं देखा होगा। यह बात प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने रैगांव विधानसभा के करही और रानेही में भाजपा प्रत्याशी श्रीमती प्रतिमा बागरी के समर्थन में सभाओं को संबोधित करते हुए कही।
कोई कांग्रेसी अपने उम्मीदवार की गारंटी नहीं दे सकता
डॉ. मिश्रा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मैं भाजपा की उम्मीदवार प्रतिमा बागरी का समर्थन करने आया हूँ। उनके लिए मतदान की अपील करने आया हूं। उनकी गारंटी लेने आया हूँ, उनकी जमानत लेने आया हूँ। लेकिन कांग्रेस का कोई नेता अपने प्रत्याशी की गारंटी नहीं ले सकता। कांग्रेस किस बात की गारंटी लेगी? अगर कांग्रेस का कैंडिडेट जीत भी जाएगा तो विकास कैसे कर पाएगा? विकास के लिए पैसा कहां से लाएंगे? डॉ. मिश्रा ने कहा कि ये सरकार बनाने या गिराने का चुनाव नहीं है, ये विकास का चुनाव है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जीतती है तो किसी परिवार का भला हो सकता है लेकिन प्रदेश का भला नहीं हो सकता, रैगांव का भला नहीं हो सकता। रैगांव का भला भाजपा ही कर सकती है। विकास के लिए भाजपा की डबल इंजन वाली गाड़ी जरूरी है।
जनता ने मोहर लगाई है, कमलनाथ का प्रमाणपत्र नहीं चाहिए
डॉ. मिश्रा ने कहा कि दिग्विजय और कमलनाथ दोनों झूठे आरोप लगाकर वोट मांग रहे हैं। कमलनाथ कहीं भी जाते हैं तो अपनी 15 माह की उपलब्धि नहीं बताते हैं, हम से 15 साल का हिसाब जरूर मांगते हैं। हमारे 15 सालों का हिसाब बताने के लिए यही पर्याप्त है कि हम लगातार 15 सालों से सरकार में हैं। जनता जनार्दन से बड़ा कुछ नहीं होता और जनता हम पर मुहर लगा रही है। यही हमारा हिसाब है, कमलनाथ जी का प्रमाणपत्र नहीं चाहिए। डॉ. मिश्रा ने कहा कि हमसे हिसाब मांगने वाले कमलनाथ अपने विधायकों का तो हिसाब रख लें, 27 महीनों में 27 एमएलए कांग्रेस छोड़कर जा चुके हैं।
अभी गणित बिगड़ा है, 2023 में भूगोल भी बिगड़ जाएगा
गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस की हालत खराब है, वो रसातल में जा रही है। उसका गणित बिगड़ा पड़ा है और 2023 के चुनाव में कांग्रेस का भूगोल भी बिगड़ जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक डूबता हुआ जहाज है। कांग्रेस और भाजपा के नेतृत्व में बहुत फर्क है। प्रदेश में कहां शिवराज जी और कहां कमलनाथ? इसी तरह केंद्र में भी देखिए कहां मोदी जी और कहां राहुल बाबा। डॉ. मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लिखित में झूठ बोलने वाली पार्टी है। झूठ बोलने का टेंडर अगर किसी के नाम खुला है तो वह कमलनाथ हैं। प्रदेश में कांग्रेस झूठ बोलकर सरकार में आई थी। किस किसान का दो लाख का कर्ज माफ हुआ? किस बेरोजगार को भत्ता मिला? म.प्र. में जब कांग्रेस की सरकार थी, पूरा प्रदेश डाकुओं से थरथराता था। आज एक भी डाकू नहीं है। इनकी सरकार के मंत्री की हत्या नक्सलियों ने कर दी थी। अब नक्सली किसी को मार नहीं पाते, पुलिस उन्हें मार रही है। हमारी सरकार ने सिमी के नेटवर्क को ध्वस्त किया है। अब ये कहते हैं कि हमें मौका नहीं मिला।
दोहरा है कांग्रेस का चरित्र
डॉ. मिश्रा ने कहा कि कांग्रेसियों का चरित्र दोहरा है। उत्तप्रदेश में कुछ और, मध्यप्रदेश में कुछ और। जनता से कुछ कहते हैं, दूसरों से कुछ और कहते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तरप्रदेश में प्रियंका वाड्रा महिलाओं के लिए बड़ी-बड़ी बातें करती हैं। लेकिन मध्यप्रदेश में कांग्रेस के एक विधायक का बेटा कांग्रेस की ही एक नेत्री से दुष्कर्म करके फरार हो जाता है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी पर इनाम घोषित करती है, लेकिन कांग्रेस का कोई नेता कुछ नहीं बोलता। डॉ. मिश्रा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी नारी सम्मान की सिर्फ बातें नहीं करती, बल्कि हमारी सरकार ने महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए काम भी किए हैं। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की सरकार द्वारा शुरू की गई लाड़ली लक्ष्मी और कन्यादान योजनाएं पूरे देश में मिसाल बनी हैं। हमारी सरकार ने पंचायतों और नगर निकायों में महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण दिया। पुलिस भर्ती में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया, शिक्षकों की भर्ती में भी आरक्षण दिया। डॉ. मिश्रा ने कहा कि अगर हम हमारी सरकार के काम बताएंगे, तो 15 घंटे भी कम पड़ेंगे।
सभा के दौरान प्रदेश मंत्री श्री राजेश पांडेय, वरिष्ठ नेता श्री कमलाकर चतुर्वेदी, विधायक श्री विक्रम सिंह, प्रत्याशी श्रीमती प्रतिमा बागरी, श्री पुष्पराज बागरी, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी श्री अनिल पटेल, श्री प्रशांत तिवारी, प्रदेश प्रवक्ता श्री प्रहलाद कुशवाहा, पूर्व महापौर ममता पाण्डेय, जिला अध्यक्ष श्री नरेंद्र त्रिपाठी समेत पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे।




