Breaking दतिया मध्यप्रदेश

गृहमंत्री डॉ. मिश्रा ने बाढ़ प्रभावित ग्रामों का भ्रमण कर पीड़ितों से जाना हाल

गृह मंत्री ने मोटरवोट व हेलीकॉप्टर में बैठकर स्थिति का लिया जायजा, अधिकारियों को दिये आवश्यक निर्देश
दतिया। गृहमंत्री एवं दतिया विधायक डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने बाढ़ प्रभावित ग्राम कोटरा, बड़ौनकलां, हिनौतिया पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यो का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। इस दौरान उन्होंने ग्राम कोटरा के बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए ग्राम गोराघाट में बनाए गए राहत शिविर का निरीक्षण कर बाढ़ पीड़ितों को भोजन, पानी एवं ठहरने के समुचित प्रबंध करने के अधिकारियां को निर्देश दिए।
गृह मंत्री ने इस दौरान कलेक्टर संजय कुमार एवं पुलिसअधीक्षक अमन सिंह राठौड़ से जिले में अन्य स्थानों पर आई बाढ़ की स्थिति की समीक्षा कर जानकारी भी ली। उन्होंने इस दौरान बाढ़ पीड़ितों को भोजन के पैकेट एवं बच्चों को बिस्कट्स के पैकेट प्रदाय कर कुशल क्षेम भी पूंछा। गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने बुधवार को सीधे गोराघाट पहुंचकर ग्वालियर-झांसी नेशनल हाईवे पर सिंध नदी पर बने पुल पर आई दरार का भी निरीक्षण किया। और अधिकारियों से इस संबंध में जानकारी प्राप्त कर आवश्यक निर्देश भी दिए। उन्होंने ग्राम गोराघाट में ग्राम कोटरा के बाढ़ पीड़ितों को रखे जाने हेतु बनाये गए राहत शिविर का अवलोकन कर अधिकारियों को समुचित मूलभूत व्यवस्थायें सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाढ पीड़ितों को ढांढ़स बंधाते हुए कहा कि उन्हें चिन्ता करने की कोई आवश्यकता नहीं है। किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जायेगी। शासन एवं प्रशासन आप लोगों के साथ है। हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को बचाव एवं राहत कार्यो में गति लाने के साथ बाढ़ से हुई क्षति के आंकलन के भी निर्देश दिए। उन्होंने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को जिले में बाढ़ की स्थिति पर सतत् निगरानी रखने के भी निर्देश दिए। गृह मंत्री ने ग्राम कोटरा से हैलीकॉप्टर द्वारा गोराघाट तक हवाई सर्वेक्षण भी किया।गृह मंत्री ने ग्राम कोटरा में नाव में बैठक बाढ़ प्रभावित परिवारों के साथ पहुंचकर उनका कुशल क्षेम पूंछा और उन्हें ढांढ़स बंधाया इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित ग्राम बड़ौनकलां, हिनौतिया में बाढ़ पीडितों एवं ग्रामीणों से चर्चा कर राहत शिविर का भी अवलोकन किया। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

डॉ.मिश्रा ने कोटरा से बाढ़ पीड़ितों को एअरलिफ्ट कराया

गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा बुधवार को दतिया जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के लिए पहुंचे। सुबह साढ़े 10 बजे दतिया के कोटरा गांव में एक मकान की छत पर लोगों के फंसे होने की जानकारी मिलने पर गृहमंत्री उनका रेस्क्यू कराने के लिए एनडीईआरएफ की टीम के साथ बोट से पहुंचे। रेस्क्यू के दौरान बोट फंस जाने से डॉ. मिश्रा ने बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए सेना के हेलीकॉप्टर से मदद मांगी। डॉ. मिश्रा ने एयर फोर्स हेलीकॉप्टर के आने पर पहले 07 लोगों को एअरलिफ्ट करवा कर रेस्क्यू करवाया। गृह मंत्री डॉ. मिश्रा लोगों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कराने के बाद स्वयं भी कोटरा के मकान की छत से एअरलिफ्ट होकर हेलीकॉप्टर में सवार हुए।

hindustan