Republic Day 2022 Live Updates। पूरे देश में आज गणतंत्र दिवस उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। भारत आज अपना 73वां गणतंत्र दिवस मना रहा है और देश के अलग-अलग हिस्सों में रंगारंग कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। उत्तर भारत में पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी के बीच आईटीबीपी के जवानों ने तिरंगा फहराया। आज सुबह उत्तराखंड के कुमाओं क्षेत्र में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवानों ने 12,000 फीट की ऊंचाई पर भारत का 73वां गणतंत्र दिवस मनाया। वहीं लद्दाख में भी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के हिमवीर जवानों ने 15,000 फीट की ऊंचाई पर -35 डिग्री सेल्सियस तापमान में भारत का 73वां गणतंत्र दिवस मनाया। सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 73वें गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की और देश के लिए शहीद जवानों को याद किया। वहीं दूसरी ओर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भी अपने काफिले के साथ राजपथ पर पहुंच चुके हैं और गणतंत्र दिवस की परेड शुरू हो चुकी है।




